बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, बस-ट्रक की जोरदार टक्कर

चमोली। चारधाम यात्रा के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुहेड के पास एक बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार बस हरिद्वार से तीर्थयात्रियों को लेकर बदरीनाथ धाम जा रही थी, जबकि ट्रक कर्णप्रयाग की ओर आ रहा था। इसी दौरान कुहेड के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायल बस चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया।

पुलिस ने जेसीबी मशीन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू किया गया।

बस में सवार यात्रियों ने ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। यात्रियों का कहना है कि हादसा और भी बड़ा हो सकता था। उन्होंने ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बदरीनाथ हाईवे पर लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। इससे पहले भी इसी मार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों की टक्कर में कई लोग घायल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *