उत्तराखंड: 7 साल पुरानी रंजिश में युवक का हमला, मां-बेटे पर चाकू से वार

देहरादून। देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में 7 साल पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने महिला और उसके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवक राजस्थान का रहने वाला है। साल 2019 में उसकी दोस्ती पीड़ित परिवार की बेटी से थी। युवक शादी के लिए अपने माता-पिता के साथ रिश्ते की बात लेकर आया था, लेकिन परिवार ने शादी से इंकार कर दिया था। तभी से आरोपी नाराज चल रहा था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात आरोपी जयेश कुमार पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और कहा कि उसकी शादी 28 मई को होने वाली है। बातचीत के बाद उसने लड़की के भाई से आईएसबीटी तक छोड़ने की बात कही। रास्ते में आरोपी ने शराब खरीदी और फिर युवक की गर्दन पर चाकू रखकर उसे वापस घर चलने को कहा।

घर पहुंचते ही आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और महिला व उसके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *