राजस्थान का युवक

ऋषिकेश ट्रिप बना दर्दनाक ! दोस्तों के सामने बहा राजस्थान का युवक

ऋषिकेश से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। राजस्थान से घूमने आए 24 वर्षीय युवक वेद प्रकाश गंगा नदी में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि एसडीआरएफ की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले वेद प्रकाश अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सभी युवक शिवपुरी के नमामि गंगे घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वेद प्रकाश अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बहने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि युवक देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से गंगा नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

बताया जा रहा है कि सभी युवक राजस्थान की एक फै्ट्री में काम करते हैं और छुट्टी मनाने ऋषिकेश आए थे। घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

एसडीआरएफ और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए सावधानी बरतें। खासकर अनजान और गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें। हर साल गर्मियों के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश पहुंचते हैं, लेकिन लापरवाही कई बार हादसों का कारण बन जाती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *