बागेश्वर के शिक्षक दिनेश कुमार ने हासिल की पीएचडी, क्षेत्र में खुशी की लहर

बागेश्वर जिले के दूरस्थ क्षेत्र से आने वाले शिक्षक दिनेश कुमार ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इतिहास विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल द्वारा उन्हें यह उपाधि प्रदान की गई। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

दिनेश कुमार, बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक के ग्राम नौकोड़ी (देवीबगड़) के निवासी हैं और वर्तमान में न्यू सैनिक जूनियर हाईस्कूल सूरजकुंड कठायतबाड़ा, बागेश्वर में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों और दूरस्थ क्षेत्र से आने के बावजूद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणा पेश की है।

उन्होंने “बागेश्वर जनपद में स्थित प्रमुख मंदिरों का ऐतिहासिक अध्ययन” विषय पर अपना शोध कार्य पूरा किया। यह शोध बागेश्वर जिले की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। शोध के माध्यम से जिले के प्रमुख मंदिरों के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और सामाजिक प्रभावों का गहन अध्ययन किया गया है।

दिनेश कुमार ने अपना शोध कार्य प्रोफेसर अवनीन्द्र कुमार जोशी, प्राचार्य राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोमेश्वर, अल्मोड़ा के निर्देशन में पूरा किया। शोध कार्य के दौरान उन्होंने लंबे समय तक क्षेत्रीय अध्ययन, ऐतिहासिक दस्तावेजों और स्थानीय परंपराओं का अध्ययन किया।

उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षा जगत और विश्वविद्यालय से जुड़े कई विद्वानों ने खुशी जताई है। अल्मोड़ा जिला संग्रहालय के निदेशक डॉ. चंद्र सिंह चौहान, डीएसबी परिसर कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के प्रो. संजय घिल्डियाल, मानव विकास संस्थान नैनीताल के निदेशक डॉ. रितेश साह समेत कई शोध छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनेश कुमार की सफलता पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणा है। कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़कर उन्होंने यह साबित किया है कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *