Dehradun: देहरादून के पैनेसिया अस्पताल ICU में लगी आग से बुजुर्ग महिला की मौत

देहरादून हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को एसी में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान आईसीयू में भर्ती एक बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के समय आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। आग लगते ही पूरे वार्ड में धुआं फैल गया और मरीजों व स्टाफ के बीच चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीमों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। आईसीयू में फंसे मरीजों को बचाने के दौरान कई पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू किया। धुएं और गैस के कारण कुछ पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि आईसीयू में लगे एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग तेजी से फैली और पूरे क्षेत्र में धुआं भर गया। हादसे के दौरान वेंटिलेटर पर भर्ती बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वहीं इस घटना में करीब दस लोग घायल हुए हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून प्रमोद डोबाल, एसपी सिटी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसएसपी प्रमोद डोबाल ने बताया कि सभी मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य में जुटे पुलिसकर्मियों ने बहादुरी का परिचय दिया है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में दहशत का माहौल देखने को मिला। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *