सोनप्रयाग

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा, सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे पत्थर, एक की मौत

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि मृतक और घायल में एक नेपाली मूल का व्यक्ति और एक स्थानीय निवासी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने लगे, जिससे वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान दो लोग पत्थरों की चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पहाड़ी से लगातार खतरा बने रहने के कारण प्रशासन ने आसपास संचालित दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

केदारनाथ यात्रा के दौरान लगातार हो रही भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन यात्रियों से सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील कर रहा है। चारधाम यात्रा के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों और संवेदनशील जोनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *