ऋषिकेश

ऋषिकेश में सेल्फी बनी जानलेवा, प्रतिबंधित घाट पर गंगा में बहे दो युवक

ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा किनारे फोटो खींचना दो युवकों को भारी पड़ गया। प्रतिबंधित घाट पर फोटो लेते समय संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक गंगा की तेज धारा में बह गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत सर्च अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक अमरोहा, उत्तर प्रदेश से चार दोस्त घूमने के लिए ऋषिकेश आए थे। 21 मई की शाम डबल ट्रिपल बीच के पास सभी दोस्त गंगा किनारे मौजूद थे। इसी दौरान मोहम्मद फैजान और मोहम्मद कैफ नदी किनारे फोटो खींच रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गए।

साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा का तेज बहाव दोनों को अपने साथ बहा ले गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार सुबह से डीप डाइवरों और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

डूबने वाले युवकों की पहचान 25 वर्षीय मोहम्मद फैजान पुत्र अली अब्बास और 19 वर्षीय मोहम्मद कैफ पुत्र नसीम अख्तर निवासी नौगावां सादात, अमरोहा के रूप में हुई है।

प्रशासन ने बताया कि जहां हादसा हुआ वह प्रतिबंधित और असुरक्षित घाट क्षेत्र है। इसके बावजूद लोग चेतावनी और सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज कर वहां पहुंच जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे सामने आते हैं। एसडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि गंगा किनारे सेल्फी या फोटो खींचते समय सावधानी बरतें और प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें। पर्यटन और घूमने-फिरने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *