रुड़की

गर्मी से राहत या मौत को दावत! रुड़की गंगनहर में खतरनाक स्टंट बन रहे जानलेवा

रुड़की में भीषण गर्मी से राहत पाने की कोशिश अब युवाओं के लिए जानलेवा साबित होती जा रही है। पिरान कलियर से लेकर रुड़की गंगनहर क्षेत्र तक युवा ऊंचे पुलों से नहर में छलांग लगाकर अपनी जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं। तेज बहाव और गहराई को नजरअंदाज कर किए जा रहे ये खतरनाक स्टंट लगातार हादसों को जन्म दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद युवाओं में न डर दिखाई दे रहा है और न ही प्रशासन की सख्ती।

तपती दोपहर में बड़ी संख्या में युवक पुलों की रेलिंग पर चढ़कर गंगनहर में छलांग लगा रहे हैं। कोई दोस्तों की तालियों के बीच स्टंट कर रहा है तो कोई सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए वीडियो बनवा रहा है। कई बार पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा न लग पाने से युवक डूब जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मियों में ऐसे हादसे बढ़ जाते हैं। कई परिवार अपने बेटों को खो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं। हाल के महीनों में कई दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

सोमवार को धनौरी क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय बंसी अपने भाइयों के साथ गंगनहर पर नहाने आया था। नहर में छलांग लगाने के बाद तैरना न आने के कारण वह गहरे पानी में डूब गया। वहीं फरवरी में आईआईटी का एक छात्र दोस्तों के साथ घूमने के दौरान पैर फिसलने से गंगनहर में बह गया था, जिसका शव कई दिनों बाद बरामद हुआ।

15 अप्रैल को बरेली से जियारत के लिए आए अमन की भी नहर में डूबने से मौत हो गई थी। इसके अलावा 24 अप्रैल को भगवानपुर निवासी बॉबी अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। साथी वीडियो बना रहे थे और इसी दौरान बॉबी तेज बहाव में बह गया।

लगातार हो रहे हादसों के बावजूद गंगनहर किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आते। स्थानीय लोग प्रशासन से गश्त बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और खतरनाक स्थानों पर सख्ती करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो गर्मी के मौसम में यह सिलसिला और भी भयावह हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *