सुबह-सुबह लगी आग से भारी नुकसान: चेन पुली से शटर तोड़कर आग बुझाने में जुटी फायर यूनिट।

शनिवार सुबह साइकिल रिपेयरिंग की दो और एक फल की दुकान में शार्ट सर्किट से आग धधक उठी। सूचना पर पहुंची फायर टीम ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू पाया। आग से दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया और ढाई  से तीन लाख के नुकसान का अनुमान है।

महाराणा प्रताप चौक रतन सिनेमा रोड पर स्थित साइकिल की दो दुकानों व एक फल की दुकान में आग लग गई। आग से सारा सामान जलकर राख हो गया। महाराणा प्रताप चौक के पास आवास विकास निवासी अनिल शर्मा की साइकिल मरम्मत की दो दुकानें हैं।

सुबह लगभग 6.20 बजे वहां पर खड़े राजीव अरोरा बच्चू ने दुकान में से चिंगारी निकलते देखी, जिसकी सूचना उन्हें तुरंत कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह के दिशा निर्देशन में दो फायर यूनिट घटनास्थल पर पहुंची।

घटनास्थल पर एक दुकान के अंदर आग तीव्रता से जल रही थी, लेकिन दुकान का शटर बंद होने के कारण उसे खोला नहीं जा पा रहा था। आग की उठती लपटों के बीच फायर यूनिट ने फायर वाहन में लगे चैन पुली की सहायता से दुकान के शटर को तोड़कर अंदर की आग बुझाई।इस दौरान आग की चपेट में आकर तीन दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। फायर कर्मियों ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से बचा लिया। आग से लगभग ढाई से तीन लाख रुपये नुकसान का अनुमान है।

उधर मेयर दीपक बाली व तहसीलदार पंकज चंदोला ने स्थलीय निरीक्षण किया। मेयरने निजी तौर पर पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। साथ ही एसडीएम अभय प्रताप सिंह से फोन पर वार्ता कर सीएम राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *