कांवड़ मेले में गांजे की खेप पकड़ी: हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दो सगे भाई गिरफ्तार

हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ की टीम कांवड़ मेले में गांजा खपाने की कोशिश कर रहे दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 9.8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात नगर कोतवाली पुलिस व एएनटीएफ की टीम सरकारी बस वर्कशॉप के पास रेलवे कॉलोनी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच टिबड़ी फाटक की तरफ से बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस को देखकर बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम रोहित सैनी व मोहित निवासी शांति विहार कॉलोनी, ज्वालापुर बताए। दोनों सगे भाई हैं।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों के पास से मिले बैग के अंदर से तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ। रोहित के बैग से पन्नी समेत 5.160 किलोग्राम और मोहित के थैले से पन्नी समेत 4.640 किलोग्राम गांजा मिला। दोनों ने पूछताछ में बताया कि गांजा उन्होंने एक दिन पहले मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी सोयब अंसारी से बहादराबाद टोल प्लाजा के पास लिया था। इसे कांवड़ मेले के दौरान बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *