जखोली ब्लॉक की खरगेड़ ग्रामसभा के चौण्डा, पालीगाड़ और मुरचौण्डा के ग्रामीणों ने करीब दस साल से सड़क की मांग पूरी नहीं होने पर खुद ही सड़क काटने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, यूकेडी ने भी ग्रामीणों की इस पहल को अपना समर्थन दिया है। करीब दो किलोमीटर सड़क की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से जनप्रतिनिधियों व नेताओं से गुहार लगा रहे थे।सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने अब श्रमदान से सड़क तैयार करने की पहल की है। ग्राम प्रधान एवं जखोली प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष अजय पुंडीर व यशोधर सेमवाल के नेतृत्व में ग्रामीण एकत्रित हुए हैं। कुदाल व फावड़ा लेकर महिलाएं और बुजुर्ग भी इस कार्य में जुटे हुए हैं। वहीं उन्हें उत्तराखंड क्रांति दल का भी समर्थन मिला है।यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री अर्जुन कंडारी, जिला संरक्षक सूरत सिंह झिंकवाण, जिला महामंत्री अजीत सिंह, जिला प्रचार मंत्री प्रदीप बिष्ट, ब्लॉक संगठन मंत्री मानवेंद्र रावत सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ सड़क काटने में सहयोग किया।

