चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में इस बार 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। लेकिन स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी कम नहीं रही। बीते वर्ष की तुलना में स्वास्थ्य खराब होने के कारण श्रद्धालुओं की सामान्य मौतों में 63 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज (एसडीसी) फाउंडेशन ने यात्रा की विश्लेषण रिपोर्ट जारी कर सरकार को यात्रा प्रबंधन में धारण क्षमता, सुरक्षा व स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया है।सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज (एसडीसी) फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने बताया कि चारधाम यात्रा-2026 में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया। कुल तीर्थयात्री संख्या में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब में 65,65,197 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 51,07,346 थी। बीते वर्ष तुलना में 14,57,851 अधिक श्रद्धालु यात्रा में आए।
विश्लेषण रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या में सर्वाधिक 42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यमुनोत्री में यह वृद्धि 37 प्रतिशत और गंगोत्री में 33 प्रतिशत रही, जबकि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में केवल 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। गंगोत्री में यात्रा 206 दिनों तक चली, यमुनोत्री में 207, केदारनाथ में 204 और बदरीनाथ में 208 दिन तक यात्रा चली।

