Kedarnath: गौतम अदाणी ने किए बाबा केदार के दर्शन, पत्नी संग किया पूजन

उद्योगपति गौतम अदाणी शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी प्रीति अदाणी भी उनके साथ मौजूद रहीं। जानकारी के अनुसार, अदाणी सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे और वहां से निजी हेलिकॉप्टर के जरिए केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए थे।

केदारनाथ पहुंचकर गौतम अदाणी ने बाबा केदार के दर्शन किए और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना का हवाई सर्वे भी किया। यह परियोजना अदाणी समूह को सौंपी गई है, जिसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की यात्रा को और अधिक सुगम और सुरक्षित बनाना है।

दर्शन के बाद गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने इस दिन को अपने जीवन का खास दिन बताया। उन्होंने लिखा कि एक मई उनके लिए दोहरी खुशी का दिन है—एक ओर विश्व श्रमिक दिवस और दूसरी ओर उनकी शादी की 40वीं वर्षगांठ। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर की शुरुआत उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी प्रीति अदाणी के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन से की।

अपने संदेश में उन्होंने पत्नी प्रीति अदाणी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले चार दशकों में उनका साथ उनके जीवन का संबल रहा है। हर चुनौती में उन्होंने एक शांत शक्ति के रूप में साथ दिया और हर सफलता में विनम्र आधार बनीं। उन्होंने भगवान महादेव से प्रार्थना की कि देश निरंतर प्रगति, समृद्धि और शक्ति की ओर अग्रसर रहे।

गौतम अदाणी का यह दौरा न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा रहा, बल्कि केदारनाथ में प्रस्तावित रोपवे परियोजना को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *