मेडिकिट कंपनी

सेलाकुई की मेडिकिट कंपनी में बवाल, महिला कर्मचारियों से मारपीट

देहरादून जिले के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोबल मेडिकिट लिमिटेड कंपनी में शनिवार को जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। आरोप है कि कुछ बाहरी अराजक तत्वों और कंपनी के ही कुछ कर्मचारियों ने जबरन कंपनी परिसर में घुसकर न केवल मशीनरी और तैयार उत्पादों को नुकसान पहुंचाया, बल्कि महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता भी की। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सेलाकुई प्रभारी लोकपाल परमार के अनुसार कंपनी प्रबंधक निकुंज पंवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंपनी की तीन इकाइयों में करीब 750 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें अधिकांश महिलाएं हैं। शनिवार को अचानक कुछ बाहरी लोग और कुछ कर्मचारी समूह बनाकर कंपनी परिसर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों को धमकाया, महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं।

बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने कंपनी के अंदर रखी मशीनों, उपकरणों और तैयार मेडिकल उत्पादों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारी भय के कारण बाहर निकल आए। कंपनी प्रबंधन ने दावा किया है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है और फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय उद्योगों से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो औद्योगिक माहौल प्रभावित हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *