देहरादून में कर्मचारियों का हंगामा, वेतन बढ़ाने की मांग पर हाईवे जाम

देहरादून: देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को वेतन वृद्धि और ओवरटाइम भुगतान की मांग को लेकर कई कंपनियों के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार डिक्सन कंपनी के कर्मचारी हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते हुए दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच गए। कर्मचारियों की भीड़ के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।

स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कर्मचारियों को हटाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

उधर, विंडलास बायोटेक लिमिटेड के कर्मचारियों ने भी कार्य बहिष्कार करते हुए कंपनी परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारी वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और अन्य मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं।

 

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, कंपनी प्रबंधन कर्मचारियों को समझाने का प्रयास करता रहा। स्थिति को देखते हुए सेलाकुई थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *