कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। खरगे के पहले हल्द्वानी दौरे से कांग्रेस चुनाव का शंखनाद करेगी। पार्टी का दावा है कि नैनीताल और ऊधमसिंह नगर ही नहीं बल्कि यह रैली पूरे कुमाऊं क्षेत्र में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करेगी।
खरगे के हल्द्वानी दौरे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रामलीला मैदान में करीबी 20 हजार लोगों के आने की संभावना है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने शुक्रवार शाम को रैली स्थल का पदाधिकारियों और शीर्ष नेताओं के साथ दौरा किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश समेत तमाम नेताओं ने आयोजन स्थल में तैयारियों का निरीक्षण किया। मैदान में जर्मन हैंगर लगाने का काम रात में ही पूरा कर लिया जाएगा।
खरगे को परोसा जाएगा रायता
राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को हल्द्वानी पहुंचने के बाद स्थानीय स्वाद से भरपूर सादा और पारंपरिक भोजन करेंगे। विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि इस समय सावन का महीना चल रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दाल, रोटी, मिक्स वेज, पहाड़ी रायता, पनीर की सब्जी और चावल परोसे जाएंगे। उन्होंने कहा कि भोजन में उत्तराखंड के पारंपरिक स्वाद की भी झलक देखने को मिलेगी।
रामलीला मैदान में आज इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस-
– रैली में सबसे बड़ा मुद्दा एसआईआर रहेगा।
– भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का मुद्दा।
– 10 साल में बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य के अलावा परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा।
– अयोध्या में राम मंदिर से लेकर उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ में भ्रष्टाचार।
– आपदा प्रभावित लोगों का पुर्नवास, उद्योगों में यहां के युवाओं का शीर्ष पदों पर न रखना।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ली बैठक
खरगे की रैली को लेकर स्वराज आश्रम में महिला कांग्रेस ने बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने महिला कांग्रेस की ओर से किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने विधानसभा चुनाव में महिला कांग्रेस की भूमिका पर भी चर्चा की और सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला हिंसा बढ़ रही है लेकिन सरकार आंकड़े छिपा रही है। जनता अब बदलाव चाहती है। सितंबर में महिला कांग्रेस राज्य के हर जिले में सम्मेलन करेगी। कहा कि जनता इस बार अब भाजपा को वोट से जवाब देगी। उन्होंने सरकार पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ चढ़ावा घोटाले में सरकार के लोग लिप्त हैं। बैठक में महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, उपाध्यक्ष रत्ना श्रीवास्वत, मंजु पांडे, शोभा बिष्ट, रेनू तोमर, देवकी आर्या, हेमंत बगडवाल आदि मौजूद रहे।
नवनियुक्त कांग्रेस पदाधिकारियों का स्वागत किया
युवा सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति ने कांग्रेस में प्रदेश सचिव मुकुल बल्यूटिया व महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी का स्वागत किया। शीशमहल स्थित रामलीला भवन में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। अध्यक्षता मनोज तिवारी तथा संचालन विक्रम डंगवाल ने किया। प्रदेश सचिव इंदर पाल आर्य ने भी शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
भाजपा के 10 साल..महंगाई, पेपर लीक और चढ़ावा घोटाला: ज्योति
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि पिछले चुनाव में जनता को झूठे वादों से बरगलाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिला उत्पीड़न चरम पर है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। अग्निवीर योजना लाकर लाखों युवाओं के सेना में स्थायी भर्ती के सपने बिखेर दिए गए। पेपर लीक जैसे मामलों ने छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की रैली के लिए पहुंची रौतेला संवाद न्यूज एजेंसी से बातचीत कर रही थी। उन्होंने सरकार पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ चढ़ावा घोटाले में सरकार के लोग लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला हिंसा बढ़ रही है, लेकिन सरकार आंकड़े छिपा रही है। रौतेला ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सितंबर में महिला कांग्रेस राज्य के हर जिले में सम्मेलन करेगी। कहा कि जनता इस बार अब भाजपा को वोट से जवाब देगी।
रामलीला मैदान में चार गेटों से होगी एंट्री, खरगे मुख्य गेट से प्रवेश करेंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शहर में प्रस्तावित रैली के लिए पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली है। डायवर्जन प्लान जारी करने के साथ ही रैली स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। इनमें से मुख्य गेट से केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के काफिले को प्रवेश दिया जाएगा। नेता और कार्यकर्ता अन्य गेटों से प्रवेश करेंगे। पुलिस की ओर से देर शाम कार्यक्रम स्थल पर तैनात फोर्स के बाबत जानकारी साझा की गई है। तीन राजपत्रित अधिकारियों के साथ ही चार इंस्पेक्टर, 65 एसआई और एएसआई समेत 300 कर्मचारी और दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।

