रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को रेल मंत्रालय की मंजूरी, जानें रूट और समय सारणी

रामनगर से देहरादून के बीच नई रेल सेवा का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन हर बुधवार व शुक्रवार को चलेगी। इसके संचालन से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद व बिजनौर के लोगों लाभ मिलेगा। नई रेल सेवा की शुरुआत 18 जुलाई से की जाएगी।रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 15310/15309 रामनगर से देहरादून और देहरादून से रामनगर के संचालन को स्वीकृति दी है। क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और सांसद अनिल बलूनी के विशेष प्रयासों से नई एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है।

नई एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार व शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे प्रस्थान कर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन उसी दिन देहरादून से अपराह्न 3:55 बजे प्रस्थान कर 11:30 बजे रात्रि रामनगर पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद तथा हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी। रामनगर और देहरादून के बीच संचालित होने वाली यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन है। ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार व सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

यह ट्रेन जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों व वन्यजीव प्रेमियों के साथ रामनगर के निकट स्थित गिरिजा देवी मंदिर, सीतामढ़ी,सीतावनी जैसे धार्मिक व पौराणिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी लाभदायक सिद्ध होगी। इसके अलावा हरिद्वार व देहरादून से बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री सहित चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *