ढोला रेंज में हंगामा: वनकर्मियों की पिटाई से ग्रामीण घायल, आरोपी कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में तैनात वनकर्मियों पर ग्रामीण के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित का भतीजे ढेला वनचौकी पहुंचा। जहां वह चौकी की छत पर चढ़ गया और वनकर्मियों पर कार्रवाई करने और उन्हें निलंबित करने की मांग करने लगा। सूचना पर पहुंचें वनाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बमुश्किल समझाते हुए युवक को नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार, ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नन्दू जंगल किनारे जलौनी लकड़ी लेने गए थे। इस दौरान एक वन आरक्षी और दो दैनिक कर्मी उन्हें पकड़कर ढेला चौकी ले आए। जहां वन अधिनियम के तहत चालान कर जुर्माना वसूला गया। इसके बाद वनकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई, पिटाई से वह बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद जब घटना की जानकारी शिव गिरी के भतीजे चंदन गिरी को मिली तो वह पेट्रोल लेकर चौकी की छत पर चढ़ गया। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण रेंज कार्यालय पहुंच गए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद एक महिला वनकर्मी ने भी उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज की। इस दौरान युवक ने आरोपी वनकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें निलंबित करने की मांग की। काफी देर तक तक जब मामला शांत नहीं हुआ तो पुलिस, वनाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद युवक को बमुश्किल समझाकर नीचे उतारा। इसके साथ ही पीड़ित ने पुलिस को भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कॉर्बेट के निदेशक डॉ साकेत बडोला ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *